वनभूमि पर कब्ज़ा बर्दाश्त नहीं ! डीएफओ कुमार निशांत का सख्त अल्टीमेटम, : अवैध निर्माण पर लगेगी तत्काल रोक,होगी कड़ी कार्यवाही..
Shubh Arvind Sharma
Mon, Jan 19, 2026
शासकीय वनभूमि पर कब्ज़ा बर्दाश्त नहीं ! डीएफओ कुमार निशांत का सख्त अल्टीमेटम, अवैध निर्माण पर लगेगी तत्काल रोक,होगी कड़ी कार्यवाही..
कटघोरा।कटघोरा वनमंडल अंतर्गत शासकीय वनभूमि पर खुलेआम हो रहे अवैध कब्ज़ों का खेल अब अधिकारियों की आंखों में चुभने लगा है। वनभूमि को निजी जागीर समझकर पक्के मकान खड़े करने वालों पर अब गाज गिरने वाली है। कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि शासकीय वनभूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, दोषियों पर कड़ी और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पिछले कई दिनों से ग्राम पंचायत रामपुर (खुटरीगढ़) में स्थित बेशकीमती शासकीय वनभूमि (खसरा नंबर 248/1च/1) पर जबरन व बेख़ौफ़ तरीके से पक्का निर्माण कर कब्जा किए जाने की लगातार शिकायतें डीएफओ को मिल रही थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ कुमार निशांत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के सख्त आदेश जारी कर दिए हैं।
वन कर्मचारी ही बना वनभूमि का भक्षक? गंभीर आरोप
मामला और भी सनसनीखेज तब हो गया जब ग्राम के कोटवार द्वारा दी गई लिखित शिकायत में शासकीय कर्मचारी डिप्टी रेंजर (जड़गा) नेपाल सिंह आयाम पर बड़े स्तर पर वनभूमि में अवैध कब्जा कराने के आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि डिप्टी रेंजर अपने करीबी लोगों को आगे कर पक्के मकान बनवाकर शासकीय जमीन हड़पने का खेल खेल रहा है।
इसके अलावा रजकम्मा निवासी गोलू यादव द्वारा भी बड़े पैमाने पर शासकीय वनभूमि पर पक्का निर्माण कर कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई है।गोलू यादव जो कि स्थानीय निवासी नही है और शासकीय भूमि पर बेख़ौफ़ कब्जा कर रहा है।
निर्माण पर ब्रेक, जांच तेज
डीएफओ कुमार निशांत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी अवैध निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व गहन जांच शुरू करा दी गई है। सूत्रों की मानें तो जांच के बाद बड़े नामों पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
डीएफओ की छवि: अवैध कार्यों पर सीधी चोट
डीएफओ कुमार निशांत पहले से ही अवैध कार्यों और गैरकानूनी गतिविधियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। उनके तेवर साफ संकेत दे रहे हैं कि वनभूमि पर कब्जाधारी व माफियाओं के दिन अब लदने वाले हैं, चाहे वह आम व्यक्ति हो या विभाग का कोई कर्मचारी,किसी को बख्शा नही जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि
👉 क्या वनभूमि को निगलने वाले जिम्मेदारों पर सच में कार्रवाई होगी? या शिकायते दफन हो जाएगी.?
👉 या फिर रसूख और दबाव एक बार फिर कानून पर भारी पड़ेगा?
फिलहाल डीएफओ के सख्त रुख ने अवैध कब्जाधारियों में खलबली मचा दी है और पूरे क्षेत्र की नजरें अब जांच के नतीजों पर टिकी हैं। जनता को उम्मीद है कि डीएफओ कुमार निशांत निष्पक्ष जांच करा दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करेंगे।
Tags :
sharmanews
Sharmanews
विज्ञापन
विज्ञापन