‘नगर की सरकार आपके द्वार’ का पहला कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल: : वार्डवासियों के बीच पहुंचे पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, अधिकांश समस्याओं का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान
Shubh Arvind Sharma
Thu, Nov 26, 2026
‘नगर की सरकार आपके द्वार’ का पहला कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल: वार्डवासियों के बीच पहुंचे पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, अधिकांश समस्याओं का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान

कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा की जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल की संवेदनशील पहल पर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ का पहला कार्यक्रम आज वार्ड क्रमांक 07 (महेशपुर) में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस जनहितैषी पहल की वार्डवासियों ने मुक्तकंठ से सराहना की और बड़ी संख्या में पहुंचकर वार्ड की सामूहिक समस्याओं के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत समस्याएं भी सीधे अध्यक्ष के समक्ष रखीं।

अध्यक्ष ने खुद संभाली कमान, गंभीर समस्याओं के लिए बनेगी ठोस रणनीति
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल एवं उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर ने स्वयं उपस्थित रहकर पूरी कमान संभाली। अध्यक्ष श्री जायसवाल ने एक जनसेवक के रूप में वार्डवासियों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा और समस्याओं को बेहद आत्मीयता से सुना। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि अधिकांश समस्याओं का समाधान ऑन-द-स्पॉट ही कर दिया गया, जिससे वार्डवासियों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ नजर आई। वहीं, जो गंभीर और बड़ी समस्याएं सामने आईं, उन पर विशेष रणनीति तैयार कर चरणबद्ध तरीके से जल्द से जल्द निपटारा करने की बात कही गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राशन और पेंशन की समस्या पर अध्यक्ष का त्वरित संज्ञान
शिविर में पहुंची स्थानीय हितग्राही सुशीला बाई ने बताया कि सोसाइटी से पिछले दो-तीन महीनों से फिंगरप्रिंट लगाने के बावजूद कई जरूरतमंदों को नियमित चावल नहीं मिल पा रहा है। इस गंभीर विषय पर अध्यक्ष राज जायसवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि व्यवस्था को दुरुस्त कर हर माह सभी पात्र हितग्राहियों को नियमित राशन दिलाया जाएगा। इसके साथ ही शिविर में सामने आई प्रधानमंत्री आवास और पिछले 8-9 महीनों से रुकी हुई पेंशन की शिकायतों पर भी अध्यक्ष ने ठोस पहल करते हुए कहा कि रुकी हुई पेंशन के शीघ्र भुगतान हेतु नगर पालिका की ओर से शासन को पत्र प्रेषित किया जाएगा।

14 जनवरी तक हर वार्ड में पहुंचेगी नगर की सरकार
उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर ने अध्यक्ष के इस विजन की सराहना करते हुए बताया कि जो बुजुर्ग, महिलाएं और आम नागरिक किसी कारणवश नगर पालिका कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते, उनकी सुविधा के लिए सीधे वार्ड में ही अस्थायी कार्यालय लगाकर सेवा दी जा रही है। पानी, साफ-सफाई और राशन कार्ड जैसी मूलभूत समस्याओं का मौके पर ही तत्काल निपटारा कर नागरिकों को बड़ी राहत दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि जनहित का यह विशेष अभियान 26 नवंबर से शुरू होकर आगामी 14 जनवरी 2027 तक नगर के प्रत्येक वार्ड में अनवरत आयोजित किया जाएगा।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन