पोड़ी उपरोड़ा में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने खोला मोर्चा, : मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा दो सूत्रीय ज्ञापन
Shubh Arvind Sharma
Thu, Nov 19, 2026
पोड़ी उपरोड़ा में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा दो सूत्रीय ज्ञापन
पोड़ी उपरोड़ा (कोरबा), 18 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, विकासखंड इकाई पोड़ी उपरोड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शासकीय सेवकों की लंबित और न्यायोचित मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकृष्ट किया है। फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है।

फेडरेशन की प्रमुख दो मांगें:
• राजस्व पटवारियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो निरस्त: फेडरेशन ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ द्वारा अपनी जायज मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जा रहा है। पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय आंदोलन को दबाने के लिए एसीबी (ACB) की कार्रवाई सहित विभिन्न दंडात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। संगठन ने पटवारियों पर की गई समस्त दंडात्मक कार्यवाहियों को तत्काल निरस्त कर सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की है।
• लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित मिले: ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवक और पेंशनर अब भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र और राज्य के महंगाई भत्ते में अंतर से कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। अतः प्रदेश के समस्त शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से एरियर्स सहित लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत प्रदान की जाए।
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन सदैव शासन और कर्मचारियों के मध्य सकारात्मक संवाद एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण का पक्षधर रहा है। यदि शासन द्वारा कर्मचारियों की भावनाओं और मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो फेडरेशन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के ब्लॉक संयोजक विनय कुमार झा एवं ब्लॉक महासचिव आनंददास दीवान के साथ सुनील कुमार सुखवार, ओम प्रकाश तिलासी, नवीन खोबरागड़े, तिहार सिंह कंवर, अभिषेक जी राव अहीर, कुशाल सिंह और आर. एस. पाव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन