7 वर्षीय बालिका की हत्या पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताया गहरा दुख, : एसपी से कहा— 'फास्ट ट्रैक कोर्ट में चले सुनवाई, मिले फांसी की सजा'
Shubh Arvind Sharma
Sat, Oct 24, 2026
7 वर्षीय बालिका की हत्या पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताया गहरा दुख, एसपी से कहा— 'फास्ट ट्रैक कोर्ट में चले सुनवाई, मिले फांसी की सजा'

कोरबा। कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में एक 7 वर्षीय मासूम बालिका के अपहरण और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस अत्यंत दुखद और निंदनीय वारदात पर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने गहरा दुख व्यक्त किया है और शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सांसद ने कहा कि इतनी कम उम्र की बच्ची के साथ हुई इस क्रूरता ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी से फोन पर चर्चा, त्वरित कार्रवाई की मांग
घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद श्रीमती महंत ने तत्काल कोरबा पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने मामले की पूरी जानकारी ली और पुलिस प्रशासन से प्रकरण में त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

'एक तरफ दुर्गा आराधना, दूसरी तरफ ऐसी दरिंदगी दुर्भाग्यपूर्ण'
सांसद ने समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा, "यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है कि एक ओर हम नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मासूम बच्चियों के साथ ऐसी दरिंदगी की घटनाएं सामने आ रही हैं।" उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज और प्रशासन दोनों की साझा व सर्वोच्च जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और इनके खिलाफ संवेदनशीलता के साथ बेहद कठोर कदम उठाना अनिवार्य है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और फांसी की सजा की मांग
पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की वकालत करते हुए सांसद ने मांग की है कि:
* इस पूरे मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से की जाए।
* प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट (Fast Track Court) में कराई जाए ताकि न्यायिक प्रक्रिया में देरी न हो।
* पुलिस सभी आवश्यक व अचूक साक्ष्य (Evidence) जुटाकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी करे, ताकि दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा (फाशी की सजा) दिलाई जा सके।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्कता बढ़ानी होगी और कानून का सख्ती से पालन कराना होगा। सांसद ने दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से परिजनों को यह कठिन दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुड़ापार हत्याकांड पर भी जताई चिंता, एसपी से कहा— 'सूखे नशे के सौदागरों पर हो सख्त कार्रवाई'
बालिका हत्याकांड के साथ ही सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कोरबा क्षेत्र के मुड़ापार में हुई एक युवक की हत्या के मामले पर भी गहरी चिंता प्रकट की है। उन्होंने एसपी सिद्धार्थ तिवारी से चर्चा के दौरान क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की जड़ पर प्रहार करने को कहा।
सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोरबा क्षेत्र में नशा और खासकर 'सूखा नशा' (ड्रग्स व प्रतिबंधित दवाइयां) तेजी से पैर पसार रहा है। इसमें लिप्त अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस को अब एक विशेष अभियान चलाकर बेहद कठोर कानूनी कार्रवाई करने की जरूरत है, क्योंकि यही नशा आगे चलकर हत्या और गंभीर अपराधों की वजह बन रहा है।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन