कटघोरा: : मालदा घाट के जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी
Shubh Arvind Sharma
Sun, Oct 4, 2026
कटघोरा: मालदा घाट के जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी
महिला की नजर पड़ने पर हुआ खुलासा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच; शिनाख्त के प्रयास तेज
कटघोरा/कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लॉट के भीतर घने जंगल में पानी के पास एक अज्ञात पुरुष का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना बताया जा रहा है और अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में होने के कारण मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है।
महिला की नजर पड़ी, ग्रामीणों के जरिए पुलिस को दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार, सुबह एक स्थानीय महिला की नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।
शव की स्थिति को देखते हुए मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जांच कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

शिनाख्त और मौत के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
कटघोरा पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां तक कैसे पहुंचा।

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शव की पहचान तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि यह सामान्य मृत्यु का मामला है अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन