कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी का बड़ा एक्शन: : ढेंगुरनाला पुल और सड़कों की बदहाली दूर करने खुद उतरे सड़क पर, अधिकारियों को दिए काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश
Shubh Arvind Sharma
Wed, Sep 9, 2026
कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी का बड़ा एक्शन: ढेंगुरनाला पुल और सड़कों की बदहाली दूर करने खुद उतरे सड़क पर, अधिकारियों को दिए काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश
कोरबा। जिले की बदहाल और निर्माणाधीन सड़कों की सुध लेने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। आम जनता को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए दोनों आला अधिकारियों ने आज ध्यानचंद चौक से लेकर रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तक, और रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया।
कलेक्टर और एसपी ने पैदल चलकर निर्माण कार्य की कछुआ चाल और सड़क की वर्तमान बदहाली का बारीकी से जायजा लिया। काम में देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए रुके हुए कामों को शीघ्रता से प्रारंभ करने के सख्त निर्देश दिए।

ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी किया मुआयना, दिए मरम्मत के आदेश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत और एसपी श्री तिवारी ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल भी पहुंचे। कलेक्टर ने पुल पर सड़क की खस्ताहाल स्थिति और सुरक्षा मानकों को देखा। उन्होंने आवश्यक मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को दो टूक कहा कि पुल की मरम्मत का काम बिना किसी देरी के तुरंत शुरू कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
प्रशासन के इस कड़े रुख से साफ है कि सड़कों और पुलों के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों की अब खैर नहीं है।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन